|
|
सहारनपुर ३० अक्तूबर - किसी इवेंट आर्गेनाइज़र का स्वयं का प्रोग्राम हो और उसमें कोई इवेंट न हो, यह कैसे संभव है? स्थानीय कलाकारों, रंगकर्मियों ने आज "संकल्प टूर एवं इवेंट आर्गेनाइज़र" के नये कार्यालय के उद्घाटन समारोह को भी एक चित्ताकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम में रंग दिया। अनेकानेक अतिथि यह सोच कर आये थे कि एक व्यापारिक संस्थान का उद्घाटन है जिसमें बधाई और सफलता के लिये शुभ कामनायें दी जानी हैं, कॉफी - बिस्कुट आदि आतिथ्य ग्रहण कर, दस-बीस मिनट में लौट आयेंगे, मनोरंजक कार्यक्रमों की श्रंखला में ऐसे खोये कि समय का ध्यान ही नहीं रहा । लक्की ड्रा का आयोजन जिसमें प्रथम पुरस्कार में तीन दिन का ऊटी का टूर, द्वितीय पुरस्कार में कुल्लू - मनाली का टूर और तृतीय पुरस्कार में विशेष छूट आदि की घोषणा की गई, कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा ।
कोर्ट रोड टेलीफोन एक्सचेंज वाली गली में किरन प्लाज़ा में आज "Sankalp Tour and Event Organiser" का नया कार्यालय खुलने के अवसर पर मुख्य अतिथि आई. आई. ए. सहारनपुर चैप्टर के अध्यक्ष आर. के. गाबा ने इस बात पर हर्ष व्यक्त किया कि सहारनपुर जैसे अपेक्षाकृत छोटे शहर में भी व्यावसायिक कुशलता के साथ इवेंट मैनेजमैंट की सोच विकसित हो चुकी है । उन्होंने कहा कि किसी भी आयोजन की सफलता उसकी सफल प्लानिंग और उस प्लानिंग को सफलता पूर्वक धरती पर उतारने की आपकी क्षमता पर निर्भर करती है। इसके लिये न केवल संबंधित विषय की जानकारी चाहिये बल्कि व्यावहारिक अनुभव भी चाहिये होता है। बात चाहे शादी विवाह जैसे पारंपरिक, पारिवारिक आयोजन की हो या "डीलर मीट - Dealers Meet" जैसे कार्पोरेट आयोजनों की, हमें इस बात का बहुत तनाव रहता है कि कार्यक्रम ठीक प्रकार से हो पायेगा या नहीं । ऐसे में यदि हम यह चिन्ता प्रोफेशनल व्यक्तियों के जिम्मे छोड़ दें तो न केवल तनाव मुक्त रहते हैं बल्कि अपने मुख्य विषय पर भी ध्यान केन्द्रित कर सकते हैं।
प्रख्यात उद्यमी एवं समाज सेवी मुकुन्द मनोहर गोयल ने इस अवसर पर कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता सुनिश्चित करनी हो तो उसे निश्चित रूप से अनुभवी और योग्य प्रोफेशनल को सौंप देना चाहिये। उन्होंने आशा व्यक्त की कि Sankalp Tour and Event Organiser लोगों को इस क्षेत्र में अपनी कुशल सेवाएं प्रदान करके सफलता के नये आयाम स्थापित कर सकेगा।
Sankalp Tour and Event Organiser के कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम को मनोरंजक बनाने की जिम्मेदारी प्रख्यात रंगकर्मी संदीप शर्मा, सोहन देव और किंजल डोगरा ने सफलता पूर्वक वहन की। इस अवसर पर नगर के लगभग सभी प्रमुख उद्यमी, व्यवसायी और व्यापारियों के अतिरिक्त संगीत और साहित्य के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने वाले कलाकारों की भी उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
Categories: Business & Industry